Events

चांदनी चौक से चुनाव लड़ेंगे सत्यदेव चौधरी कहा- सत्य बहुमत का विचार ही लोकतंत्र का आधार

सत्य बहुमत पार्टी के संस्थापक नेता सत्यदेव चौधरी ने चांदनी चौक लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का एलान किया है। नई दिल्ली में रायसीना रोड स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में “हमारे देश में बहुमत क्यों नहीं है परिभाषित” परिचर्चा के दौरान श्री चौधरी ने यह घोषणा की। परिचर्चा के दौरान वरिष्ठ पत्रकार शीबा असलम फहमी, न्यूज़ एंकर हुसैन रिज़वी, राजनीतिक विश्लेषक संजीव कौशिक, परविंदर सेठी और अश्विनी मिश्रा के साथ-साथ विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। वर्तमान संसदीय प्रजातंत्र में मतदाताओं को सशक्त बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए चांदनी चौक से लोकसभा प्रत्याशी सत्यदेव चौधरी ने चार मंत्र दिए-

  • सांसदों के बहुमत के बजाए मतदाताओं के बहुमत से सरकार बने
  • ‘आधे से एक ज्यादा’ के बजाए ‘सबसे ज्यादा मत’ ही बहुमत के रूप में परिभाषित हो
  • भ्रष्ट तरीके से सरकार बनाने के लिए गठबंधन की सियासत खत्म हो
  • दलबदल कानून और ह्विप का खात्मा हो

परिचर्चा के दौरान शीबा असलम फहमी ने बताया कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है, संवैधानिक संस्थाओं को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। यह सब करने के लिए संसद का इस्तेमाल हो रहा है। सांसद खरीदे-बेचे जा रहे हैं। सरकारें गिराने और बनाने के लिए भ्रष्ट तरीके इस्तेमाल हो रहे हैं।

न्यूज एंकर हुसैन रिजवी ने कहा कि आज देश में हर कोई ख़तरे में हैं। मुसलमानों को हिन्दुओँ से और हिन्दुओं को मुसलमानों से डर लगता है। ख़ौफ़ ही हुकूमत का आधार बन गया है। ऐसा लगता है कि देश बहुसंख्यकवाद की ओर बढ़ रहा है।

राजनीतिक विश्लेषक संजीव कौशिक ने कहा कि सत्य बहुमत का विचार वास्तव में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है। जब तक मतदाताओं के प्रति संसद जवाबदेह नहीं होगी तब देश में लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। राजनीतिक विश्लेषक परविंदर सेठी ने कहा कि आज धन्नासेठों और बाहुबलियों पर सरकारें निर्भर हो चली हैं। यही समस्या की जड़ है। हर जगह नफ़रत का माहौल है जिसे खत्म करने के लिए जो कुछ भी लोकतांत्रिक तरीके से संभव है वह किया जाना चाहिए।

राजनीतिक विश्लेषक अश्विनी मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र कमजोर हो रहा है सब कहते हैं लेकिन मजबूत करने के लिए योगदान करने कोई सामने नहीं आता। उन्होंने सवाल उठाते हुए इस बात पर हैरानी जताई कि लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए केवल वर्तमान सरकार को दोषी क्यों और कैसे ठहराया जा सकता है? सभा का संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतंत्र बहुसंख्यकवाद नहीं है। बहुमत में होकर भी अल्पमत को विश्वास में लेकर चलना ही लोकतंत्र है। लोकतंत्र के इस मूलभूत गुण को भुलाया जा रहा है। सत्य बहुमत की विचारधारा बहुमत से लोकतंत्र को आगे बढ़ाने की है, बहुसंख्यकवाद को बढ़ावा देने की कतई नहीं।

सत्य बहुमत पार्टी द्वारा दिनांक 16 अगस्त 2023 को चांदनी चौक में मतदाताओं के साथ चर्चा का आयोजन किया गया।

सत्य बहुमत पार्टी द्वारा दिनांक 16 अगस्त 2023 को चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के शास्त्री नगर एरिया के 56 बीघा पार्क में स्थानीय मतदाताओं के साथ चर्चा का आयोजन किया गया। चांदनी चौक लोकसभा चुनाव 2024 पार्टी उम्मीदवार श्री सत्यदेव चौधरी ने स्थानीय मतदाताओं से बातचीत की उनकी समस्याएं सुनी उन्होंने कहा राजनीतिक व्यवस्था परिवर्तन करने का समय आ गया है इसका राजनीतिक समाधान सत्य बहुमत से निकलेगा।

श्री सत्यदेव चौधरी ने स्पष्ट किया कि आज की राजनीतिक व्यवस्था जो कि गठबंधन की भ्रष्ट राजनीति है और उसका परिवर्तन करने के लिए विकल्प के रुप में सत्य बहुमत की राजनीतिक व्यवस्था को समझाया।। उन्होंने कहा देश में वर्तमान समय में सरकारों का गठन सांसदों के बहुमत के आधार पर होता है, जबकि सत्य बहुमत का विचार है कि सरकार सांसदों के बहुमत से न बनकर मतदाताओं के बहुमत से बननी चाहिए। अर्थात जिस भी पार्टी को पूरे देश में सबसे ज्यादा वोट मिलें बहुमत उसका मानकर सरकार बनाने का अधिकार मिलना चाहिए भले ही उसके सांसद दूसरे पार्टी की तुलना में कम क्यों न जीते हो। उपस्थित मतदाताओं ने बात को समझकर समर्थन दिया। शास्त्री नगर के एम ब्लॉक से आए शोदन सिंह यादव व बहन पूर्णिमा ने मुख्य भूमिका निभाई।